Traffic System Changed for Kanwariyas: कांवड़ियों के लिए बदला ट्रैफिक सिस्टम, जानें नई व्यवस्था

जागरण संवाददाता, बदायूं। सावन माह की शुरुआत 30 जुलाई से हो रही है, जिसमें कासगंज के लहरा घाट, हरि की पैड़ी और बदायूं के कछला गंगा घाट पर कांवड़ियों और श्रद्धालु
जागरण संवाददाता, बदायूं। सावन माह की शुरुआत 30 जुलाई से हो रही है, जिसमें कासगंज के लहरा घाट, हरि की पैड़ी और बदायूं के कछला गंगा घाट पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इस भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन योजना तैयार की है। यह व्यवस्था विशेष रूप से पहले सोमवार, जो तीन अगस्त को है, द्वितीय सोमवार, दस अगस्त, महाशिवरात्रि, 11 अगस्त, तृतीय सोमवार, 17 अगस्त और चतुर्थ सोमवार, 24 अगस्त को लागू रहेगी। हर शुक्रवार शाम आठ बजे से लेकर सोमवार शाम आठ बजे तक यह डायवर्जन प्रभावी रहेगा। महाशिवरात्रि के दिन, विशेष व्यवस्था 11 अगस्त की शाम आठ बजे तक लागू रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, संभल, आगरा, अलीगढ़ और कासगंज की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शहर और कछला मार्ग से हटाकर गंगा एक्सप्रेस-वे, बिसौली, सहसवान, गुन्नौर, नरौरा और अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर से आगरा-अलीगढ़ की ओर जाने वाले ट्रक, ट्राला, डीसीएम और अन्य भारी वाहन उसावां, म्याऊं, डहरपुर, दातागंज होते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे से वनकोटा टोल प्लाजा, बिल्सी, मुजरिया, सहसवान, गुन्नौर और नरौरा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसी प्रकार, बरेली से कासगंज, आगरा और अलीगढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गैनी, आंवला, बिसौली, सहसवान और गुन्नौर के रास्ते भेजा जाएगा।
मुरादाबाद और संभल से कासगंज व आगरा जाने वाले भारी वाहन चंदौसी, बहजोई, बबराला, गुन्नौर और नरौरा होकर गुजरेंगे। इसके अलावा, कासगंज और आगरा से शाहजहांपुर तथा फर्रुखाबाद की ओर आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। रोडवेज बसों और हल्के वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। बदायूं से बरेली जाने वाली बसें और अन्य हल्के वाहन नवादा चौकी, कुंवरगांव, आंवला, अलीगंज, गैनी और रामगंगा मार्ग से संचालित होंगे। मुरादाबाद, नोएडा और दिल्ली जाने वाले वाहन बिसौली, सहसवान, गुन्नौर और नरौरा होकर जाएंगे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बदायूं नगर से कछला गंगा घाट तक कांवड़ मार्ग पर कांवड़ वाहनों के अतिरिक्त अन्य सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सहसवान, मुजरिया, उझानी बड़ा बाईपास, राजकीय मेडिकल कालेज तिराहा, नौशेरा तिराहा, बिल्सी मोड़, एआरटीओ चौराहा, सरदार पटेल चौक, बीआरबी तिराहा, दातागंज तिराहा, मझिया मोड़, कैशव चौकी, डहरपुर, म्याऊं तिराहा और जालंधरी सराय चौराहे सहित 17 प्रमुख स्थानों पर थाना पुलिस और यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।









