Tragic accident at Lal Kuan stone crusher: हेल्पर रेत में दबकर मरा, घंटों बाद मिला शव

हल्द्वानी के लालकुआं स्थित एक स्टोन क्रशर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें एक हेल्पर पवन सिंह रेत में दबकर अपनी जान गंवा बैठा। यह घटना उस समय हुई जब पवन सिंह
हल्द्वानी के लालकुआं स्थित एक स्टोन क्रशर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें एक हेल्पर पवन सिंह रेत में दबकर अपनी जान गंवा बैठा। यह घटना उस समय हुई जब पवन सिंह जेसीबी द्वारा रेत भरते समय डंपर के पीछे खड़ा था। जानकारी के अनुसार, मुख्य चालक किसी आवश्यक कार्य के चलते गेट पर ही रुक गया था, जिससे पवन डंपर लेकर क्रशर के अंदर पहुंचा। वह डंपर के पीछे खड़े होकर लीकेज वाली जगह पर कट्टा बांध रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक ने बिना यह सुनिश्चित किए कि पीछे कोई कर्मचारी मौजूद है, डंपर में रेत भरना शुरू कर दिया। कुछ ही क्षणों में पवन पूरी तरह रेत में दब गया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। डंपर भरकर चालक क्रशर से बाहर निकल गया। काफी देर तक पवन का पता न चलने पर क्रशर प्रबंधन ने डंपर मालिक को सूचित किया। इसके बाद दूसरा चालक मौके पर पहुंचा और डंपर को चौफुला-कटघरिया मार्ग स्थित नाली निर्माण स्थल तक ले गया। वहां शाम करीब चार बजे रेत खाली करते समय काम कर रहे मजदूरों की नजर एक हाथ पर पड़ी, जिससे पवन का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान जयपुर बीसा लालकुआं निवासी पवन सिंह पुत्र मदन सिंह के रूप में हुई। पवन अविवाहित था और अपने परिवार का सहारा बना हुआ था। उसके पिता भी गौला में मजदूरी करते हैं। पवन के परिवार में उसकी दो बहनें और दो भाई हैं। एक बहन की शादी हो चुकी है। पवन का परिवार मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट क्षेत्र के बयालकटिया गांव का निवासी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का कहना है कि यदि रेत भरने से पहले यह सुनिश्चित किया जाता कि डंपर के पीछे कोई कर्मचारी मौजूद नहीं है, तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। पवन के ताऊ के लड़के विक्रम सिंह ने बताया कि जब पवन लापता हुआ था, तब डंपर स्वामी ने उन्हें इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने पवन के मोबाइल नंबर पर कॉल किया, लेकिन फोन डंपर चला रहे चालक ने उठाया और बताया कि पवन गाड़ी में मोबाइल छोड़कर चला गया है। इस मामले में क्रशर प्रबंधन, ठेकेदार और जेसीबी चालक से पूछताछ की जाएगी। एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









