Tragic Incident in Agra: महिला ने पति और सास पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर की आत्महत्या

आगरा में एक महिला ने आत्महत्या से पहले एक ऐसा वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसने उसके परिवार को झकझोर कर रख दिया। इस वीडियो में महिला ने अपने पति और सास-ससुर पर प्रताड़
आगरा में एक महिला ने आत्महत्या से पहले एक ऐसा वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसने उसके परिवार को झकझोर कर रख दिया। इस वीडियो में महिला ने अपने पति और सास-ससुर पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में उसने इंसाफ की गुहार लगाते हुए अपनी जान देने की कोशिश की। प्रियंका नाम की इस महिला ने अपने गले में फंदा डालकर आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, दो दिन बाद, सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर उसके पति और सास-ससुर को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र का है। प्रियंका की शादी 2021 में सिद्धार्थनगर निवासी अभिपाल से हुई थी, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत है। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक तीन साल की बेटी और एक साल का बेटा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे प्रियंका ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और अपने मोबाइल फोन से डेढ़ मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया। इस वीडियो में उसने अपने पति और सास-ससुर की प्रताड़ना का जिक्र किया और अपनी मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया।
प्रियंका ने अपने पति को यह वीडियो भेजा था, जिसमें उसने अपनी मौत के बाद इंसाफ दिलाने की अपील की। जब उसने यह कदम उठाया, उस समय उसका पति ड्यूटी पर था। वीडियो देखने के बाद उसने प्रियंका के परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी। जब लोग दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे, तो प्रियंका पंखे से लटकी हुई मिली। उसे तुरंत नीचे उतारकर शहीद नगर स्थित पार्थ सारथी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही प्रियंका का दहेज की मांग को लेकर लगातार उत्पीड़न किया जाता रहा। कई बार दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं आया।









