Tragic Incident in UP School: सरकारी स्कूल में बच्चों की मारपीट के बाद 12 साल के छात्र की मौत

उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के बीच हुई मारपीट के बाद 12 वर्षीय छात्र की मौत का दुखद मामला सामने आया है। छात्र विभान
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के बीच हुई मारपीट के बाद 12 वर्षीय छात्र की मौत का दुखद मामला सामने आया है। छात्र विभान, जो कक्षा पांच का छात्र था, की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे और हंगामा किया। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी देर तक समझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्यालय के हेडमास्टर समेत पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया है। साथ ही, मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
यह घटना चरवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर सुधवर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में हुई। गांव निवासी बीरू राठौर का 12 वर्षीय बेटा विभान इसी विद्यालय में पढ़ता था। परिजनों के अनुसार, बीते शुक्रवार को स्कूल में पढ़ने वाले कुछ बच्चों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें विभान भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने परिजनों को इसकी कोई जानकारी नहीं दी। जब विभान घर पहुंचा, तो उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसके गले से खाना और पानी तक नहीं उतर रहा था। परिवार के सदस्यों ने जब उससे कारण पूछा, तो उसने स्कूल में हुई मारपीट की जानकारी दी। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे प्रयागराज के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां कई दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन अंततः उसकी मौत हो गई।
छात्र की मौत की खबर फैलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजन छात्र का शव लेकर सीधे प्राथमिक विद्यालय पहुंचे और स्कूल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप था कि यदि स्कूल प्रशासन समय पर घटना की जानकारी देता, तो शायद बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। हंगामे की सूचना मिलते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी अमिता सिंह, सीओ शिवांक सिंह और चरवा थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











