Truck collision in Gopalganj: गोपालगंज में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौत

गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। यह हादसा शंकरपुर गांव के समीप स
गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। यह हादसा शंकरपुर गांव के समीप स्टेट हाईवे पर हुआ, जहां एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे ट्रक का चालक दुर्घटनाग्रस्त वाहन छोड़कर फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चालक के शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र के नूनी पाकड़ गांव निवासी अमरेश कुमार तिवारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अमरेश कुमार तिवारी बालू लदा ट्रक लेकर सारण के डोरीगंज से पश्चिम चंपारण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शंकरपुर गांव के पास सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने ट्रक के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे की सूचना मृतक के स्वजन को भी दे दी गई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। हादसे के बाद दूसरे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। वह अपना वाहन घटनास्थल पर ही छोड़ गया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।









