Rain Alert in UP: आज पूरे यूपी में बरसेगा मॉनसून, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मंगलवार, 28 जुलाई को मॉनसून की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (imd) के अनुसार, राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्स
उत्तर प्रदेश में मंगलवार, 28 जुलाई को मॉनसून की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि कुछ स्थानों पर वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रहा मानसूनी प्रवाह मजबूत हो रहा है, जिसके कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि हो रही है। आगामी दिनों में भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
IMD के प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार, 28 जुलाई से 29 जुलाई की सुबह तक सोनभद्र, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना सबसे अधिक है। इन जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा, मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, लखीमपुर खीरी, शामली, मेरठ, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में बादल गरजने और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
IMD ने अपने दैनिक वर्षा पूर्वानुमान में कहा है कि 28 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदियों और जलाशयों के जलस्तर में वृद्धि, कच्चे ढांचों को नुकसान, और नगर सेवाओं में व्यवधान जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे निचले और बाढ़ प्रभावित इलाकों से दूर रहें और जलमग्न सड़कों को पार करने से बचें।









