US DFC Team in Jharkhand: खनिज और औद्योगिक निवेश पर मंथन

राज्य ब्यूरो, रांची। अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय विकास वित्त निगम (डीएफसी) के क्षेत्रीय प्रबंध निदेशक (दक्षिण एशिया) जतिन बत्रा और बिजनेस डवलपमेंट स्पेशलिस्ट करिश्मा
राज्य ब्यूरो, रांची। अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय विकास वित्त निगम (डीएफसी) के क्षेत्रीय प्रबंध निदेशक (दक्षिण एशिया) जतिन बत्रा और बिजनेस डवलपमेंट स्पेशलिस्ट करिश्मा रोहिरा ने मंगलवार को झारखंड सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में खनिज एवं औद्योगिक क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य झारखंड में खनिज संसाधनों के विकास और औद्योगिक निवेश के अवसरों की पहचान करना था। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से क्रिटिकल मिनरल्स, खनिज अन्वेषण, खनिज प्रसंस्करण और खनिज-आधारित उद्योगों में निवेश के अवसरों का आकलन करने के लिए इस दौरे की योजना बनाई थी। बैठक में खान विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और राज्य के खनिज क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों, नीतिगत सुधारों और निवेश-अनुकूल माहौल पर चर्चा की। इस दौरान निदेशक राहुल कुमार सिन्हा और विशाल सागर भी उपस्थित थे। बैठक में झारखंड की समृद्ध खनिज संपदा, क्रिटिकल मिनरल्स के विकास की संभावनाओं, वैज्ञानिक एवं सतत् खनन, खनिज प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और खनिज-आधारित उद्योगों के विस्तार से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल को राज्य सरकार की औद्योगिक एवं निवेश संवर्धन नीति, निवेशकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत किए गए सुधारों और उद्योग स्थापना के लिए विकसित निवेश-अनुकूल व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही, खनिज संसाधनों के मूल्य संवर्धन, डाउनस्ट्रीम उद्योगों के विकास और निजी निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया गया। इस बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड में उपलब्ध निवेश अवसरों, प्रचुर खनिज संसाधनों और राज्य सरकार की निवेशोन्मुखी नीतियों की सराहना की और खनिज एवं औद्योगिक क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं में रुचि व्यक्त की। दोनों पक्षों ने पारस्परिक हित के विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया और प्रचलित नीतियों एवं विधिक प्रावधानों के अनुरूप भविष्य में सहयोग एवं निवेश की संभावनाओं का अन्वेषण करने पर सहमति व्यक्त की।









