US-Turkey F-35 Deal: नेतन्याहू की आपत्ति पर ट्रंप का बयान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा तुर्किये को अमेरिकी एफ-35 लड़ाकू विमान बेचने के खिलाफ उठाए गए
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा तुर्किये को अमेरिकी एफ-35 लड़ाकू विमान बेचने के खिलाफ उठाए गए विरोध को खारिज कर दिया। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका क्या बेचेगा, यह किसी भी बाहरी नेता के हाथ में नहीं है। उन्होंने तुर्किये को अपना 'बेहतरीन सहयोगी' बताते हुए कहा कि मुझे कोई यह नहीं बताएगा कि हमें क्या बेचना चाहिए। यह बयान तब आया जब नेतन्याहू वाशिंगटन डीसी में ट्रंप से मिलने के लिए पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच होने वाली बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा और ईरान के साथ बढ़ते तनाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इस महीने की शुरुआत में नेतन्याहू ने तुर्किये को एफ-35 लड़ाकू विमान बेचने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया था, यह कहते हुए कि इससे क्षेत्र में शक्ति संतुलन प्रभावित होगा। सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने ट्रंप से आग्रह किया था कि इस सौदे को मंजूरी न दी जाए। ट्रंप ने संकेत दिया था कि वह अपने पहले कार्यकाल में तुर्किये पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने पर विचार कर रहे हैं। नेतन्याहू ने कहा कि तुर्किये को अमेरिका के सबसे आधुनिक लड़ाकू विमान बेचने से वह अमेरिका का मित्र देश नहीं बन जाएगा। उन्होंने तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन का जिक्र करते हुए कहा कि तुर्किये की सरकार पर मुस्लिम ब्रदरहुड का प्रभाव है, जो अमेरिका के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण रखता है। नेतन्याहू ने यह भी कहा कि अर्दोआन अमेरिका का आदर्श सहयोगी नहीं है और वह उनके देश को नष्ट करने की धमकी देता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तुर्किये को एफ-35 विमान दिए गए, तो इसका असर पूरे क्षेत्र पर पड़ेगा। नेतन्याहू ने ट्रंप से सीधे कहा है कि तुर्किये को ये लड़ाकू विमान नहीं बेचे जाने चाहिए, क्योंकि इससे पश्चिम एशिया में शक्ति संतुलन बिगड़ जाएगा।
ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार जल्द ही यह निर्णय करेगी कि तुर्किये को एफ-35 लड़ाकू विमान बेचे जाएं या नहीं। यह निर्णय ऐसे समय में लिया जाएगा जब अमेरिकी संसद ने इस बिक्री पर रोक लगा रखी है। ट्रंप ने यह भी घोषणा की कि रूस से एस-400 वायु रक्षा प्रणाली खरीदने के कारण तुर्किये पर लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंध हटा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि तुर्किये के साथ अमेरिका के संबंध पहले से बेहतर हैं और कई मामलों में तुर्किये उन देशों से भी अधिक वफादार रहा है, जिन्हें अमेरिका अपना वफादार मानता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि बहुत से लोग मानते हैं कि रूस की एस-400 प्रणाली खरीदने के बावजूद तुर्किये को एफ-35 विमान खरीदने की अनुमति मिलनी चाहिए। उन्होंने एफ-35 को 'अब तक का सबसे बेहतरीन विमान' बताते हुए कहा कि तुर्किये को इसे बेचने के प्रस्ताव पर 'गंभीरता से विचार किया जाएगा।'









