Patriotism Campaign in Uttarakhand: भाजपा 14 अगस्त से पदयात्रा शुरू करेगी

भाजपा ने हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा अभियान के माध्यम से उत्तराखंड में देशभक्ति की अलख जगाने का संकल्प लिया है। इस अभियान की शुरुआत 14 अगस्त से होगी, जिसमें घ
भाजपा ने हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा अभियान के माध्यम से उत्तराखंड में देशभक्ति की अलख जगाने का संकल्प लिया है। इस अभियान की शुरुआत 14 अगस्त से होगी, जिसमें घर-घर तिरंगा फहराने के साथ-साथ पदयात्रा, शहीदों का सम्मान और जनजागरण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भाजपा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ना है। इसके लिए प्रदेश स्तर पर एक टोली का गठन किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान अब एक राष्ट्रभक्ति के जन आंदोलन का रूप ले चुका है। इसने हर भारतीय के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को और अधिक सशक्त किया है। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि कार्यकर्ता प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनजागरण अभियान चलाएंगे। इसके साथ ही युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति और संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्र निर्माताओं के योगदान को याद किया जाएगा। हर मंडल में 10 से 14 अगस्त तक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति के गीत और राष्ट्रगान के साथ यात्रा निकाली जाएगी।
भाजपा ने इस अभियान में समाज के प्रबुद्धजन, विशिष्टजन, सेवानिवृत्त सैनिक, सुरक्षा कर्मी, सेलिब्रिटी, सामाजिक संगठनों, युवा संगठनों और महिला संगठनों को आमंत्रित किया है। कार्यक्रमों के दौरान शहीद स्मारकों, वीर सपूतों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के आस-पास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद पुष्पांजलि और माल्यार्पण का आयोजन किया जाएगा। हर मंडल में भारत माता के वीर सपूत सैनिकों और देश की सेवा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस कर्मियों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि सीमा चौकियों पर सैनिकों को उचित अनुमति के साथ सम्मानित करेंगे। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देशानुसार सभी विधायक, सांसद, सरकार में मंत्री और जनप्रतिनिधि कार्यक्रमों में व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। यह अभियान न केवल देशभक्ति की भावना को जागृत करेगा, बल्कि समाज में एकजुटता और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देगा।









