Water Supply Delay: मंत्री ने निलंबन की दी चेतावनी

लखनऊ। राज्य के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने नल से जलापूर्ति में हो रही देरी को लेकर अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जिन अभियंताओं और
लखनऊ। राज्य के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने नल से जलापूर्ति में हो रही देरी को लेकर अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जिन अभियंताओं और अधिकारियों ने दो माह के भीतर 1146 गांवों में नल से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की, उन्हें बिना किसी चेतावनी के निलंबित किया जाएगा। यह निर्देश उन्होंने सोमवार को राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन कार्यालय में परियोजना की समीक्षा के दौरान दिए। मंत्री ने कहा कि पूर्वांचल के 1146 गांव, जो जापानी इनसेफ्लाइटिज (जेई) और एक्यूट इंसेफलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से प्रभावित रहे हैं, वहां जलापूर्ति का कार्य रात-दिन किया जाएगा। वर्तमान में, 753 गांवों में नल से पानी की आपूर्ति हो रही है, जबकि 393 गांवों में परियोजना का प्रारंभिक चरण भी पूरा नहीं हुआ है। इस स्थिति पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि गुणवत्ता के साथ परियोजना को समय पर पूरा करना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने सिंगल विलेज योजनाओं के शेष कार्य को निर्धारित समय के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने से प्रभावित सड़कों की मरम्मत भी तेजी से की जानी चाहिए। यह उनकी अंतिम चेतावनी है, इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने यह भी कहा कि जिन गांवों में नल से पेयजल आपूर्ति का कार्य पूरा हो चुका है, वहां जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इसके साथ ही, प्रत्येक जिले में जल चौपाल लगाकर जनप्रतिनिधियों से संवाद किया जाए और उन्हें जल जीवन मिशन की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी दी जाए। मंत्री ने जल निगम ग्रामीण की पुरानी योजनाओं में देरी पर भी नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर अभियंताओं के दावों का सत्यापन करें।









