Water Supply Mission: प्रयागराज में जल जीवन मिशन की लापरवाही पर डीएम ने रिपोर्ट तलब की

प्रयागराज में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकियों के निर्माण, पाइप बिछाने और नल कनेक्शन में हो रही लापरवाही को लेकर जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार वर्मा ने थर्ड पार
प्रयागराज में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकियों के निर्माण, पाइप बिछाने और नल कनेक्शन में हो रही लापरवाही को लेकर जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार वर्मा ने थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन एजेंसी से रिपोर्ट मांगी है। जल निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से की गई लापरवाही के साथ ही थर्ड पार्टी द्वारा भी सही रिपोर्ट नहीं दी गई है। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि नियमित रूप से रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए ताकि स्थिति का सही आकलन किया जा सके। इस संबंध में संगम सभागार में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों की खुदाई की गई है, उनका पुनर्निर्माण शीघ्र और गुणवत्ता के साथ किया जाए। यदि किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई और सड़कों का पुनर्निर्माण नहीं हुआ तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं और डीपीआरओ को सड़कों के पुनर्निर्माण कार्य का सत्यापन कर रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिले में कुल 528 पानी की टंकियों का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन इन कार्यों की प्रगति बेहद धीमी है। डीएम ने इस पर सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अब और देरी हुई तो कार्रवाई अवश्य की जाएगी। उन्होंने मैन पावर और कार्य घंटों को बढ़ाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा जल सारथी एप को डाउनलोड कराने के लिए एक अभियान चलाने की भी बात कही गई है। कार्यदायी संस्था को शीघ्र नल कनेक्शन कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी बीडीओ को भी टंकियों के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने और अपनी रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। इस बैठक में सीडीओ हर्षिका सिंह, एडीएम नमामि गंगे संजीव कुमार शाक्य, डीपीआरओ रविशंकर द्विवेदी और उपायुक्त श्रम रोजगार गुलाबचंद्र भी उपस्थित रहे।









