Weather Alert in UP: लखनऊ-अयोध्या सहित 40 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे मौसम विभाग ने मंगलवार को लखनऊ, अयोध्या और राज्य के लगभग 40 जिलों में भारी बारि
जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे मौसम विभाग ने मंगलवार को लखनऊ, अयोध्या और राज्य के लगभग 40 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह वर्षा का सिलसिला 31 जुलाई तक जारी रहेगा। लखनऊ में सोमवार को सुबह से दिनभर बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने सक्रिय मौसमी तंत्र और मानसूनी ट्रफ के प्रभाव से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अवध क्षेत्र के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी, रायबरेली, सुल्तानपुर, अमेठी, उन्नाव, वाराणसी, चंदौली, श्रावस्ती, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज जैसे लगभग 40 जिलों में बारिश का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई निचले इलाकों में जलभराव की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। अगले 24 से 48 घंटे तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी। हालांकि, भारी वर्षा वाले क्षेत्रों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात का पारा 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के 45 जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा और अगले चार दिनों तक यही स्थिति रहने का पूर्वानुमान है।









