Weather Update: आज से अगले दो दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी, दिल्ली-NCR में मानसून मेहरबान

दिल्ली-एनसीआर में मानसून का असर तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को सुबह से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे तापमान में गिरावट आई है। ठंडी हवाओं ने मौसम को और
दिल्ली-एनसीआर में मानसून का असर तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को सुबह से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे तापमान में गिरावट आई है। ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी खुशनुमा बना दिया है, लेकिन इसके साथ ही कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला है। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र और यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। यह बारिश का दौर सोमवार से ही जारी है, जिससे लोगों को राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री और अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आई है। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। अन्य स्थानों जैसे पालम, लोधी रोड, रिज और आया नगर में भी तापमान सामान्य से चार से 5.7 डिग्री तक कम रहा।
मंगलवार को दिल्ली में दोपहर के समय भारी बारिश हुई, जिसमें आईएमडी ने शाम छह बजे तीन घंटे के बारिश आंकड़े जारी किए। 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच कई इलाकों में मूसलाधार बारिश रिकॉर्ड की गई। आंकड़ों के अनुसार, पूसा में सबसे ज्यादा 80 मिमी बारिश हुई, जबकि जनकपुरी में 72 मिमी, लोधी रोड में 63.4 मिमी और छतरपुर में 57.5 मिमी बारिश हुई। सफदरजंग में 57.6 मिमी, आया नगर में 50.1 मिमी और नारायणा में 44 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, पालम में 26 मिमी और रिज में 37.3 मिमी वर्षा हुई। नजफगढ़ में इस दौरान बारिश नहीं हुई, जिससे वहां के लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।









