Yamuna Nagar News: जनता पब्लिक स्कूल कबड्डी में राज्य चैंपियन

यमुनानगर। जनता पब्लिक स्कूल अलाहर की अंडर-14 कबड्डी टीम ने हाल ही में फतेहाबाद में आयोजित सीबीएसई राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्या
यमुनानगर। जनता पब्लिक स्कूल अलाहर की अंडर-14 कबड्डी टीम ने हाल ही में फतेहाबाद में आयोजित सीबीएसई राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। मंगलवार को जब विजेता खिलाड़ी विद्यालय लौटे, तो उनका भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के कोच हिमांशु शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता 24 जुलाई से फतेहाबाद के बाल भारती इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित की गई थी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जनता पब्लिक स्कूल अलाहर की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए सभी मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला जनता पब्लिक स्कूल अलाहर और केवीएम स्कूल पाई के बीच खेला गया, जिसमें अलाहर की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
विद्यालय पहुंचने पर चेयरमैन मुकेश शास्त्री, मैनेजिंग डायरेक्टर रूबी कंबोज और प्रिंसिपल डॉ. कल्पना बजाज ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। इस अवसर पर चेयरमैन मुकेश शास्त्री ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर विद्यालय की पहचान बनाई है। उन्होंने खिलाड़ियों के अभिभावकों और कोच हिमांशु शर्मा के प्रयासों की भी सराहना की। शास्त्री ने कहा कि इस जीत से न केवल विद्यालय का नाम रोशन हुआ है, बल्कि यह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने कहा कि खेलों में भागीदारी से विद्यार्थियों का मानसिक और शारीरिक विकास होता है, और यह जीत इस बात का प्रमाण है कि मेहनत और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।









