YouTube Inspired Fake Gangsters: नीरज बवाना-नवीन बाली गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने वाले गिरफ्तार

पश्चिमी दिल्ली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दो युवकों ने इंटरनेट मीडिया और यूट्यूब पर कुख्यात गैंगस्टरों के वीडियो देखकर उनके नाम का खौफ फैलाने की
पश्चिमी दिल्ली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दो युवकों ने इंटरनेट मीडिया और यूट्यूब पर कुख्यात गैंगस्टरों के वीडियो देखकर उनके नाम का खौफ फैलाने की कोशिश की। इन युवकों ने हरि नगर के एक कारोबारी से नवीन बाली और नीरज बवाना गिरोह के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के पास से रंगदारी की कॉल करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया गया है। घटना की शुरुआत 26 जुलाई को हुई, जब हरि नगर निवासी बृजेंद्र, जो ब्रांडेड डिटर्जेंट पाउडर के वितरक हैं, ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि रात करीब 9:27 बजे उन्हें एक व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को गिरोह का सदस्य बताकर एक करोड़ रुपये की मांग की। इसके साथ ही, आरोपित ने कारोबारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी, यह कहते हुए कि उसे परिवार की पूरी जानकारी है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर हरि नगर थाने में रंगदारी और धमकी देने का मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी जिले की स्पेशल स्टाफ को जांच में लगाया गया। इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रानिक सर्विलांस और फील्ड वेरिफिकेशन के आधार पर मोहन गार्डन क्षेत्र से 28 वर्षीय मोहम्मद मोनिश और 23 वर्षीय मोहम्मद असद को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान यह पता चला कि मोहम्मद मोनिश पहले पीड़ित कारोबारी के यहां काम कर चुका था और उसे कारोबारी की आर्थिक स्थिति की पूरी जानकारी थी। इस जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी असद के साथ मिलकर रंगदारी की साजिश रची। दोनों ने घटना से तीन दिन पहले करोल बाग के गफ्फार मार्केट से नया मोबाइल फोन और सिम कार्ड खरीदा था, ताकि उसी का इस्तेमाल कर धमकी भरी कॉल की जा सके।









