New Building at Zakir Husain College: जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज का नया भवन तैयार, आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परिसर

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज में सोमवार को एक नवनिर्मित अत्याधुनिक बहुमंजिला भवन का गृहप्रवेश एवं उद्घाटन समारोह
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज में सोमवार को एक नवनिर्मित अत्याधुनिक बहुमंजिला भवन का गृहप्रवेश एवं उद्घाटन समारोह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर कॉलेज प्रशासन, प्रबंधन समिति, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। यह नया भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जो विद्यार्थियों के लिए एक उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा। इस भवन का निर्माण छात्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि वे बेहतर तरीके से अपनी पढ़ाई कर सकें। भवन में डिजिटल बोर्ड और ऑडियो-विजुअल सिस्टम से युक्त स्मार्ट कक्षाएं, विज्ञान संकाय के लिए अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, विशाल पुस्तकालय और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए रैंप और लिफ्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा, भवन का निर्माण पर्यावरण अनुकूल मानकों के अनुरूप किया गया है, जिससे यह न केवल शैक्षणिक बल्कि पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नरेंद्र सिंह, प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ शिक्षकों ने इस समारोह में मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना में भाग लिया। इसके बाद कॉलेज के चेयरमैन जेपी शर्मा ने फीता काटकर नए भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जेपी शर्मा ने कहा कि यह भवन केवल एक नया ढांचा नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने आगे कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित यह परिसर छात्रों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्राचार्य प्रो. नरेंद्र सिंह ने अतिथियों को नए भवन का भ्रमण कराया और इसकी प्रमुख सुविधाओं की जानकारी दी। इस नए भवन के उद्घाटन से कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियों को और भी बढ़ावा मिलेगा और छात्रों को बेहतर अध्ययन के लिए एक प्रेरणादायक वातावरण प्राप्त होगा।









