ATM Robbery Mastermind: फरीदाबाद में एटीएम काटकर लाखों उड़ाने वाला दिल्ली पुलिस का जवान गिरफ्तार

फरीदाबाद में एटीएम काटकर लाखों रुपये चोरी करने वाले मास्टरमाइंड का खुलासा हुआ है। यह मास्टरमाइंड और कोई नहीं, बल्कि दिल्ली पुलिस का एक सिपाही है। क्राइम ब्रांच
फरीदाबाद में एटीएम काटकर लाखों रुपये चोरी करने वाले मास्टरमाइंड का खुलासा हुआ है। यह मास्टरमाइंड और कोई नहीं, बल्कि दिल्ली पुलिस का एक सिपाही है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में सिपाही हुकम सिंह सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में हुकम सिंह के भतीजे अरविंद, बिहार के सिवान जिले के विकास कुमार, अभिषेक कुमार और विशाल कुमार शामिल हैं। तीन जुलाई की रात भूपानी में एटीएम काटकर 6.53 लाख रुपये की चोरी की गई थी। इसके बाद 26 जुलाई को सेक्टर-58 में एक और एटीएम काटकर 5.71 लाख रुपये चुराए गए। पुलिस ने एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपितों की पहचान की। एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि हुकम सिंह पर कर्ज था और वह इसे चुकाने के लिए बड़ा हाथ मारना चाहता था। उसने एटीएम में चोरी करने का आसान तरीका चुना। गांव में उसकी मुलाकात वेल्डिंग की दुकान चलाने वाले विकास से हुई, जिसने उसे बताया कि गैस कटर से एटीएम काटकर अच्छा खासा रुपया बनाया जा सकता है। हुकम सिंह ने विकास को अपने दिल्ली पुलिस के आइकार्ड दिखाकर उसे इस काम के लिए राजी किया। विकास ने अपने गांव के राजू को भी शामिल किया और इसके बाद हुकम सिंह ने अपने भतीजे अरविंद को भी इस योजना में शामिल कर लिया। तीनों ने मिलकर भूपानी में एटीएम काटकर रुपये निकाल लिए, लेकिन बाद में विकास और राजू ने हुकम सिंह से संपर्क तोड़ लिया। राजू को बाद में किसी मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद विकास ने अभिषेक और विशाल को बुलाकर एक और एटीएम काटने की योजना बनाई। तीनों ने बिना हुकम सिंह को बताए सेक्टर-58 में एटीएम काटकर रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस को जब दो वारदातों के बीच का समय पता चला तो उन्होंने मामले की गंभीरता को समझा और क्राइम ब्रांच को आरोपितों की तलाश में लगा दिया। हुकम सिंह, जो 2016 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था, वर्तमान में बिजवासन में पीसीआर पर तैनात है। पुलिस का कहना है कि हुकम सिंह को पता था कि हिताची कंपनी के एटीएम में रात के समय गार्ड नहीं होते और सुरक्षा प्रणाली भी कमजोर होती है, इसलिए उसने इन्हें अपना निशाना बनाया।
















