Train fire in Bihar: सहरसा में सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन के इंजन में लगी आग

डिजिटल डेस्क, सहरसा। बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर आज सुबह लगभग 3 बजे पैसेंजर ट्रेन नंबर 63344 (समस्तीपुर-सहरसा) के इंजन और उससे जुड़
डिजिटल डेस्क, सहरसा। बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर आज सुबह लगभग 3 बजे पैसेंजर ट्रेन नंबर 63344 (समस्तीपुर-सहरसा) के इंजन और उससे जुड़े कोच में आग लग गई। इस घटना के समय ट्रेन में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, जब ट्रेन सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर पहुंची, तभी उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते यह आग तीन बोगियों तक फैल गई। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। आग और धुएं की सूचना मिलते ही ट्रेन में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने बिना किसी देरी के ट्रेन से उतरना शुरू कर दिया। समय रहते सभी यात्री ट्रेन से बाहर निकल गए और इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ट्रेन में आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने आग पर काबू पाने के लिए तुरंत कार्रवाई शुरू की। करीब ढाई घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सुबह 6 बजे के बाद सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर रेल यातायात सामान्य हो सका। इस घटना ने यात्रियों में खौफ पैदा कर दिया था, लेकिन समय पर की गई कार्रवाई के कारण सभी यात्री सुरक्षित रहे। रेलवे प्रशासन ने इस घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है।
















