Cyber Fraud Gang Busted in Bihar: म्यूल खातों के जरिये साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

बिहार पुलिस की साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई (सीसीएसयू) ने हाल ही में म्यूल खातों के माध्यम से धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह के एक सद
बिहार पुलिस की साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई (सीसीएसयू) ने हाल ही में म्यूल खातों के माध्यम से धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह के एक सदस्य को जमुई के झाझा से गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान रंजन कुमार उर्फ सचिन कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह गिरोह लोगों को प्रलोभित कर उनके नाम पर म्यूल खाते खुलवाता था। इसके अलावा, यह गिरोह पहले से खुले बैंक खातों को किराए पर लेकर उनका उपयोग साइबर धोखाधड़ी के लेन-देन में करता था। गिरोह के सदस्य क्यूआर कोड, एपीके फाइल, फर्जी सिम और विभिन्न बैंक खातों का उपयोग कर ऑनलाइन लोन, लाटरी और अन्य प्रकार के साइबर फ्रॉड को अंजाम देते थे। साइबर अपराध से अर्जित राशि को म्यूल खातों के जरिए और ऑनलाइन शॉपिंग के माध्यम से खपाने का प्रयास किया जाता था।
सीसीएसयू और जमुई की साइबर पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ छापेमारी की, जिसमें कई उपकरण और दस्तावेज बरामद हुए हैं। बरामद किए गए सामानों में तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, तीन वाई-फाई, एक बायोमीट्रिक डिवाइस, नौ बैंक खातों के पासबुक, चार चेकबुक, दो एटीएम कार्ड, तीन क्यूआर कोड और विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक नेटवर्किंग उपकरण शामिल हैं। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि गिरफ्तार आरोपित के मोबाइल नंबर के खिलाफ एनसीआरपी (राष्ट्रीय अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल) पर 75 से अधिक साइबर अपराध से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं। इसके अलावा, बैंक खातों के सत्यापन के दौरान दो बैंक खातों से संबंधित 47 साइबर धोखाधड़ी शिकायतें भी एनसीआरपी पर दर्ज की गई हैं।
















