Fire in Rajouri Garden: दिल्ली के राजौरी गार्डन में तीन मंजिला मकान में लगी आग

दिल्ली के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित राजौरी गार्डन के एक तीन मंजिला मकान में रविवार शाम को अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। आग की लपटें मकान
दिल्ली के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित राजौरी गार्डन के एक तीन मंजिला मकान में रविवार शाम को अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। आग की लपटें मकान की शाफ्ट में जमा कचरे से उठीं, जो तेजी से पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल तक फैल गईं। धुएं के कारण ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोग फंस गए थे, लेकिन समय पर किए गए बचाव कार्यों के चलते बड़ा हादसा टल गया। आग लगने की सूचना शाम 4:10 बजे मिली, जिसके बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छह दमकल इकाइयां भेजीं। इन इकाइयों में दो वाटर टेंडर, दो वाटर बाउजर, एक क्विक रिस्पांस वाहन, एक मोटरसाइकिल फायर रेस्क्यू यूनिट और एक ब्रीदिंग सपोर्ट वाहन शामिल थे। दमकल विभाग का अभियान सहायक मंडल अधिकारी राजीव सिन्हा और स्टेशन अधिकारी बत्ती लाल के नेतृत्व में चलाया गया।
दमकल विभाग के पहुंचने से पहले, दूसरी मंजिल पर फंसी 62 वर्षीय महिला, 32 वर्षीय महिला और तीन वर्षीय बच्ची ने साहस का परिचय देते हुए साड़ी को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया और उसकी मदद से सुरक्षित नीचे उतर गईं। दमकलकर्मियों ने तुरंत पूरे भवन की तलाशी ली ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति अंदर फंसा न हो। इसके साथ ही, दमकलकर्मियों ने तेजी से आग पर काबू पाने का प्रयास किया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया। शाम 4:40 बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। इसके बाद लंबे समय तक कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया ताकि दोबारा आग भड़कने का खतरा न रहे।
















