Fraud in Gorakhpur: जमीन के कारोबार में एक करोड़ के फर्जी लोन का झांसा देकर 51 लाख की ठगी

गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपियों ने जमीन के कारोबार में निवेश का झांसा देकर एक व्यक्ति से 51 लाख रुपय
गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपियों ने जमीन के कारोबार में निवेश का झांसा देकर एक व्यक्ति से 51 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी खलील अहमद को गिरफ्तार किया है। पीड़ित शेषनाथ यादव ने बताया कि परिचित हनुमान यादव ने अपने भाई दिनेश यादव और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर उसे जमीन के व्यापार में निवेश करने का प्रस्ताव दिया। आरोपियों ने पहले तो उसे जमीन के व्यापार में मुनाफे का लालच देकर पैसे लिए, लेकिन बाद में एक करोड़ रुपये का बैंक लोन दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए उन्होंने एक्सिस बैंक के नाम से एक फर्जी ऋण स्वीकृति पत्र भी तैयार किया। जब पीड़ित ने बैंक में जांच कराई, तो सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहनापुर घोसीपुरवा, जंगल हकीम नंबर-एक का निवासी है। शेषनाथ यादव ने शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया कि आरोपियों ने विभिन्न माध्यमों से कुल 51 लाख रुपये लिए। इनमें से 10 लाख रुपये बैंक खाते में, 8.50 लाख रुपये नकद और बाकी रकम विभिन्न लोगों के खातों में जमा कराई गई। पीड़ित के अनुसार, जब उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने केवल 23.78 लाख रुपये लौटाए और 27.22 लाख रुपये रोक लिए। इसके बाद आरोपियों ने उसे फर्जी बैंक पत्र सौंपते हुए एक करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत कराने और 40 प्रतिशत सरकारी अनुदान मिलने का दावा किया।















