Murder of Pregnant Teacher in Kushinagar: कुशीनगर रेलवे ट्रैक पर मिला गर्भवती शिक्षिका का शव, जांच में जुटी पुलिस

कुशीनगर जिले के तरयासुजान क्षेत्र में एक गर्भवती शिक्षिका का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। शनिवार रात लगभग आठ बजे भुलिया अगरवां गांव के
कुशीनगर जिले के तरयासुजान क्षेत्र में एक गर्भवती शिक्षिका का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। शनिवार रात लगभग आठ बजे भुलिया अगरवां गांव के पास रेलवे फाटक से करीब 100 मीटर दक्षिण एक महिला का शव दो हिस्सों में क्षत-विक्षत अवस्था में पाया गया। मृतका की पहचान 35 वर्षीय पिंकी गुप्ता के रूप में हुई है, जो महराजगंज जिले के प्राथमिक विद्यालय बाजारडीहा में सहायक अध्यापक थीं। पिंकी इन दिनों प्रसूता अवकाश पर थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, आनंद विहार-छपरा एक्सप्रेस के गुजरने के बाद शव ट्रैक पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने पर तरयासुजान पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान करने का प्रयास किया। बाद में, सेवरही ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय मठिया श्रीराम में तैनात सहायक अध्यापक रवींद्र गुप्ता मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपनी पत्नी पिंकी गुप्ता के रूप में की।
रवींद्र गुप्ता ने बताया कि वह अपनी पत्नी और उनकी सास राजमती के साथ सलेमगढ़ में किराये के मकान में रहते थे। पिंकी प्रसूता अवकाश पर थीं और शनिवार को रवींद्र विभागीय प्रशिक्षण के लिए बीआरसी सेवरही गए थे। उन्होंने बताया कि दोपहर में कई बार पत्नी को फोन करने की कोशिश की, लेकिन पिंकी ने कॉल रिसीव नहीं किया। घर लौटने पर उनकी सास ने बताया कि पिंकी कुछ देर पहले तक कमरे में थीं, लेकिन अचानक कहीं चली गईं। इसके बाद रवींद्र ने काफी खोजबीन की और अंततः तरयासुजान थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। देर रात उन्हें सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर मिला शव उनकी पत्नी का है।
















