Vigilance crackdown on bribery in Bathinda: बेटे को बचाने के लिए मांगी गई रिश्वत

बठिंडा में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने साइबर क्राइम थाने में तैनात एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआइ) और एसएचओ के रीडर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ
बठिंडा में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने साइबर क्राइम थाने में तैनात एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआइ) और एसएचओ के रीडर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक महिला की शिकायत पर की गई, जिसने आरोप लगाया था कि उसके बेटे के खिलाफ साइबर क्राइम थाना बठिंडा में मामला दर्ज है। महिला ने बताया कि दोनों पुलिस कर्मचारियों ने उसके बेटे को गिरफ्तार न करने और उसकी जमानत करवाने में मदद करने के लिए रिश्वत की मांग की थी। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान एएसआइ सतरूप सिंह और एसएचओ के रीडर गुरचरण सिंह के रूप में हुई है। महिला ने रिश्वत देने से मना करते हुए विजिलेंस ब्यूरो के फ्लाइंग स्क्वायड से संपर्क किया और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप लगाया।
बुधवार को, शिकायतकर्ता ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपितों को एक लाख रुपये की रिश्वत दी। जैसे ही दोनों ने रकम स्वीकार की, विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एसएएस नगर स्थित विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत एफआइआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे प्रकरण में किसी अन्य पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं रही।
















