New Research Opportunities Abroad: एएमयू के विद्यार्थियों के लिए विदेश में शोध के नए द्वार

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के विद्यार्थियों के लिए विदेश में शोध के नए द्वार खुलने जा रहे हैं। हाल ही में एएमयू और चेक गणराज्य की वीएसबी-तकनीकी यूनिवर
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के विद्यार्थियों के लिए विदेश में शोध के नए द्वार खुलने जा रहे हैं। हाल ही में एएमयू और चेक गणराज्य की वीएसबी-तकनीकी यूनिवर्सिटी ओस्ट्रावा के बीच एक महत्वपूर्ण पांच वर्षीय करार हुआ है। इस करार के तहत दोनों विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और अत्याधुनिक तकनीकी विकास के क्षेत्रों में मिलकर कार्य करेंगे। इस अवसर पर कुलपति कार्यालय में एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें एएमयू के कुलसचिव प्रो. आसिम जफर ने ज्ञापन समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समारोह में चेक गणराज्य के प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख सदस्यों में पदार्थ विज्ञान व प्रौद्योगिकी संकाय की अधिष्ठाता प्रो. कमिला यानोव्स्का, उप-अधिष्ठाता प्रो. कातेर्जीना स्कोटनिकोवा, प्रो. व्लास्तिमिल मातेयका और शोध वैज्ञानिक डॉ. के. प्रवीण कुमार भी उपस्थित रहे।
इस करार के महत्व को उजागर करते हुए एएमयू की कुलपति प्रो. नईमा खातून ने कहा कि यह समझौता विश्वविद्यालय की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि इस साझेदारी के माध्यम से दोनों विश्वविद्यालयों की विशेषज्ञता का लाभ विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को मिलेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक और अनुसंधान क्षमताओं में वृद्धि होगी। प्राचार्य प्रो. मोहम्मद मुजम्मिल ने भी इस समझौते को केवल दो विश्वविद्यालयों के बीच औपचारिक करार नहीं, बल्कि नवाचार, तकनीकी उत्कृष्टता और ज्ञान साझेदारी की नई शुरुआत के रूप में देखा। उन्होंने कहा कि यह समझौता एएमयू की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक पहुंच को और विस्तार देगा।

















