New Guidelines in Odisha Schools: ओडिशा के स्कूलों में 'वंदे मातरम्' के बाद गाया जाएगा 'जन गण मन'

भुवनेश्वर से जागरण संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा सरकार ने सोमवार को राज्य के सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' और राष्ट्र
भुवनेश्वर से जागरण संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा सरकार ने सोमवार को राज्य के सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' और राष्ट्रीय गान 'जन गण मन' के गायन के लिए केंद्र सरकार द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। यह आदेश राज्य के शिक्षा विभाग द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ), ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) और सरकारी तथा सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को भेजा गया है। अतिरिक्त सचिव नित्यानंद सिंह द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि राज्य सरकार गृह मंत्रालय द्वारा 9 जुलाई को जारी दिशा-निर्देशों को पूरी तरह से लागू करेगी। इन दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसी भी स्कूल समारोह या आधिकारिक कार्यक्रम में यदि राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान दोनों का गायन किया जाता है, तो पहले 'वंदे मातरम्' और उसके बाद 'जन गण मन' प्रस्तुत किया जाएगा।
राज्य सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान के मूल शब्दों, लिपि, उच्चारण और निर्धारित धुन का पूरी तरह से पालन किया जाए। इसके साथ ही, राष्ट्रीय गान के गायन या वादन के दौरान उपस्थित सभी लोगों को सम्मान प्रकट करने के लिए सावधान की मुद्रा में खड़ा होना होगा। हालांकि, दिशा-निर्देशों में यह स्पष्ट किया गया है कि यदि राष्ट्रीय गान किसी फिल्म या वृत्तचित्र के हिस्से के रूप में बजाया जाता है, तो दर्शकों के लिए खड़ा होना अनिवार्य नहीं होगा। इसे औपचारिक प्रस्तुति के बजाय दृश्य-श्रव्य सामग्री का हिस्सा माना जाएगा।



















