Arrest of Aditya Singh: जैश के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल का करीबी आदित्य सिंह गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो, कोलकाता: पश्चिम बंगाल की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने रविवार रात हावड़ा के बेलिलियस रोड से संदिग्ध जैश आतंकी हमीम मंडल के करीबी सहयोगी आदित्य सिंह उ
राज्य ब्यूरो, कोलकाता: पश्चिम बंगाल की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने रविवार रात हावड़ा के बेलिलियस रोड से संदिग्ध जैश आतंकी हमीम मंडल के करीबी सहयोगी आदित्य सिंह उर्फ राज उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी हमीम मंडल और उसकी सहयोगी अर्पिता सरकार से की गई पूछताछ के आधार पर की गई है, जिसमें कई महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। आदित्य की गिरफ्तारी इस मामले में तीसरी गिरफ्तारी है, और उसे सोमवार को बर्धमान अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उसकी हिरासत की मांग करेगी। एसटीएफ के अधिकारियों का कहना है कि आदित्य की पहचान हमीम मंडल से एक गेमिंग ऐप के माध्यम से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच करीबी संबंध विकसित हुए। जांच एजेंसी का दावा है कि हमीम ने आदित्य को अपने नेटवर्क से जोड़ लिया था।
आरोप है कि आदित्य को नगर राज्य मंत्री उमेश राय और उनके परिवार की गतिविधियों पर नजर रखने का काम सौंपा गया था। वह मंत्री और उनके पुत्र की तस्वीरें और अन्य जानकारियां हमीम और अर्पिता तक पहुंचाता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आदित्य संभावित लक्ष्यों के करीब रहकर उनकी गतिविधियों की तस्वीरें जुटाने का कार्य करता था। एसटीएफ को संदेह है कि वह कई वीवीआईपी की तस्वीरें और सूचनाएं भी अपने नेटवर्क तक पहुंचाने में शामिल था। इस मामले में मंत्री उमेश राय के पुत्र को कथित हनीट्रैप और अपहरण की साजिश से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
















