Revelation in Begusarai Murder Case: हाईकोर्ट की सख्ती से खुला वार्डन रिंकू देवी का सच

बेगूसराय के वीरपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन रिंकू देवी की मौत के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। करीब पांच साल पहले रिंकू देवी का शव विद्
बेगूसराय के वीरपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन रिंकू देवी की मौत के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। करीब पांच साल पहले रिंकू देवी का शव विद्यालय परिसर में फंदे से लटका मिला था, जिसे पुलिस ने आत्महत्या मान लिया था। हालाँकि, विशेष जांच दल (एसआईटी) की दोबारा जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि रिंकू देवी ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उनकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। हत्या के बाद शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटकाया गया था। इस मामले में पुलिस ने कौशल कुमार और विद्यालय के आदेशपाल अजीत कुमार बबलू को गिरफ्तार किया है।
बुधवार को बेगूसराय एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में गया प्रक्षेत्र के आईजी एवं विशेष जांच दल के मुख्य अनुसंधानक विकास वैभव ने इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रिंकू देवी का शव 4 अप्रैल 2021 को विद्यालय परिसर में फंदे से लटका मिला था। प्रारंभिक पुलिस जांच में इसे आत्महत्या मान लिया गया था, लेकिन जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्यों की अनदेखी की गई थी। मृतका की पुत्री तेजस्विनी ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट ने पुलिस जांच में गंभीर विसंगतियां पाते हुए मामले की नए सिरे से जांच का आदेश दिया।
आईजी विकास वैभव ने बताया कि 13 जुलाई को विशेष जांच दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर नए सिरे से जांच शुरू की। जांच के दौरान एफएसएल टीम के सदस्यों और पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक से दोबारा पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि एफएसएल की शुरुआती रिपोर्ट में ही गला घोंटकर हत्या किए जाने के संकेत मिले थे। हालांकि, तत्कालीन अनुसंधानकर्ता ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को आधार बनाकर मामले को आत्महत्या मान लिया। जांच में यह भी सामने आया कि रिंकू देवी की हत्या के पीछे आर्थिक विवाद था। तेजस्विनी ने आरोप लगाया कि गांव के कौशल कुमार और एक अन्य व्यक्ति ने जमीन का निबंधन कराने के नाम पर उनसे 15 लाख रुपये लिए थे। जब तय समय पर जमीन का निबंधन नहीं हुआ, तो पंचायत बुलाई गई। इसी विवाद के चलते रिंकू देवी की हत्या कर दी गई।
















