Election Buzz in DU Campus: डीयू कैंपस में चुनावी हलचल तेज, छात्र संगठनों की नई रणनीति

लोकेश शर्मा, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले ही डीयू कैंपस में चुनावी हलचल तेज हो गई है। इस बार छात्र संगठनों ने
लोकेश शर्मा, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले ही डीयू कैंपस में चुनावी हलचल तेज हो गई है। इस बार छात्र संगठनों ने सीधे चुनाव प्रचार के बजाय कॉलेजों की विभिन्न सोसायटियों के माध्यम से फ्रेशर्स तक पहुंच बनाने की रणनीति अपनाई है। यह बदलाव दर्शाता है कि छात्र संगठन अब नए छात्रों के बीच अपनी पहचान बनाने के लिए अधिक रचनात्मक और प्रभावी तरीकों की तलाश कर रहे हैं। हिंदू कालेज, हंसराज कॉलेज, किरोड़ीमल कॉलेज, रामजस कॉलेज, मिरांडा हाउस, दौलत राम कॉलेज, श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी), दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कामर्स (डीसीएसी) और शहीद भगत सिंह कालेज जैसे कई प्रमुख संस्थानों में ओरिएंटेशन और सोसायटी भर्ती के दौरान छात्र संगठनों की सक्रियता देखी जा रही है। इन सोसायटियों के माध्यम से छात्र संगठन नए छात्रों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं, जिससे उनकी पहुंच और प्रभाव बढ़ रहा है।
डीयू में अगस्त के दौरान कल्चरल, डिबेट, ड्रामा, म्यूजिक, डांस, फोटोग्राफी, एनएसएस, एनसीसी और उद्यमिता जैसी दर्जनों सोसायटियां नए छात्रों का चयन करती हैं। छात्र नेताओं का मानना है कि सोसायटियों से जुड़ने वाले विद्यार्थी पूरे शैक्षणिक वर्ष कैंपस गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं और विद्यार्थी समुदाय के बीच उनकी अच्छी पहुंच होती है। एबीवीपी अपने पुराने संगठनात्मक नेटवर्क और कॉलेज इकाइयों के माध्यम से सोसायटी सदस्यों के बीच पकड़ मजबूत करने में जुटी है। वहीं, एनएसयूआइ फ्रेशर्स मीट, परिचय सत्र और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों के जरिए नए छात्रों के बीच अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। दोनों संगठन अभी पोस्टर और बड़े चुनावी कार्यक्रमों से दूरी बनाकर साफ्ट कैंपेन की रणनीति पर काम कर रहे हैं, ताकि चुनाव अधिसूचना से पहले ही छात्रों के बीच पहचान मजबूत की जा सके।
















