Heavy Rainfall in Himachal: 100 से अधिक सड़कें बंद, बिजली ट्रांसफार्मर ठप

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता के कारण हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने आगामी 11 अगस
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता के कारण हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने आगामी 11 अगस्त तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भूस्खलन और लगातार बारिश के कारण 100 से अधिक सड़कें, सैकड़ों बिजली ट्रांसफार्मर और दर्जनों पेयजल योजनाएं ठप हो गई हैं। चंबा जिले में एक दुखद घटना में मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की थार गाड़ी पर पहाड़ी से एक विशालकाय चट्टान गिर गई, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पंजाब निवासी एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 6 अगस्त को बिलासपुर, कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 7 और 8 अगस्त को सिरमौर और कांगड़ा जिलों में भी येलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। 9 से 11 अगस्त के बीच ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और सिरमौर सहित कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है। प्रदेश में 110 से अधिक मुख्य और संपर्क मार्ग बंद हैं, जिनमें मंडी (51), सिरमौर (39), कुल्लू (36) और शिमला (15) सबसे अधिक प्रभावित हैं।
















