Jail suicide in Jind: जींद जेल में फंदे पर झूला कैदी, परिजनों ने लगाए प्रताड़ित करने का आरोप

जींद जिले के जिला कारागार में एक कैदी ने सोमवार की सुबह आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 26 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है, जो रोहतक जिले के लाखन माजरा का निवासी
जींद जिले के जिला कारागार में एक कैदी ने सोमवार की सुबह आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 26 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है, जो रोहतक जिले के लाखन माजरा का निवासी था। संदीप पिछले चार वर्षों से जींद जेल में बंद था। उसके खिलाफ 7 अप्रैल 2022 को सदर थाना सफीदों में कुकर्म का मामला दर्ज किया गया था, जिसके चलते उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इसके अलावा, लाखन माजरा थाना में उसके खिलाफ धमकी और मारपीट का भी मामला दर्ज है। घटना की जानकारी मिलने पर जेल प्रशासन ने सिविल लाइन थाना पुलिस और न्यायिक मजिस्ट्रेट को सूचित किया। इसके बाद संदीप के परिजन भी जेल पहुंचे और वहां हंगामा किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने स्वजनों के बयान दर्ज किए और शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। मंगलवार को मेडिकल बोर्ड द्वारा मेडिकल कॉलेज खानपुर में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
मृतक की भाभी मोनिका ने आरोप लगाया है कि संदीप को जेल में प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि संदीप को लंबे समय से पथरी की समस्या थी और ऑपरेशन के लिए आवेदन करने के बावजूद जेल प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। मोनिका ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ जेल अधिकारियों ने संदीप को दवाइयां लेने से भी रोका। उनके अनुसार, संदीप का इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा था, लेकिन वहां से लाई गई दवाइयां भी फेंक दी जाती थीं। संदीप ने फोन पर अपनी हत्या की आशंका जताई थी और कहा था कि उसे प्रताड़ना के कारण आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। मोनिका ने एक ऑडियो भी वायरल की है, जिसमें संदीप अपनी मौत की आशंका व्यक्त कर रहा है।
















