Terror attack in Kulgam: दूसरे श्रमिक ने भी तोड़ा दम, मृतकों के परिजनों को 16-16 लाख रुपये देगी सरकार

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कुलगाम जिले में शुक्रवार शाम को हुए एक आतंकवादी हमले में गंभीर रूप से घायल एक गैर-स्थानीय श्रमिक ने शनिवार तड़के श्रीनगर के अस्पताल में उ
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कुलगाम जिले में शुक्रवार शाम को हुए एक आतंकवादी हमले में गंभीर रूप से घायल एक गैर-स्थानीय श्रमिक ने शनिवार तड़के श्रीनगर के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। दोनों मृतक छत्तीसगढ़ के निवासी थे और कुलगाम के केलम इलाके में एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे। हमले के समय आतंकियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूपेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके पेट में गोली लगी थी और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने भी अंतिम सांस ली। दीपक के सीने में भी गोली लगी थी। इस हमले ने पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और मृतकों के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। यह सहायता जिला प्रशासन द्वारा दी जा रही छह-छह लाख रुपये की तत्काल राहत के अतिरिक्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्दोष लोगों की हत्या अत्यंत निंदनीय और अमानवीय है। उन्होंने इस दुखद घटना के बाद शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
















