Luxury Car Theft Gang Busted: NCR से ऑन-डिमांड लग्जरी कार चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच कारें बरामद

गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो ऑन-डिमांड लग्जरी कारों की चोरी में संलिप्त था। पु
गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो ऑन-डिमांड लग्जरी कारों की चोरी में संलिप्त था। पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से चोरी की गई पांच कारें, कार के स्पेयर पार्ट्स और चोरी करने के औजार बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और फरार सरगना की तलाश जारी है। एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि उन्हें चार पहिया वाहनों की चोरी से संबंधित सुराग मिले थे, जिसके बाद पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया और चार वाहन चोरों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने नाम मैनपुरी निवासी आदित्य सिंह, इटावा के रिंकू उर्फ सचिन उर्फ रंजीत, अलीगढ़ के दिलीप उर्फ छोटू और बुलंदशहर के माजिद बताए। इन चारों के पास से पुलिस ने कई चोरी के उपकरण और कारों की चाबियां भी बरामद की हैं।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि ये आरोपी बिहार के गोपालगंज निवासी शुभम उर्फ सौरभ और जयपुर निवासी अमित उर्फ बलवंत के लिए कार चोरी करते थे। आरोपियों ने बताया कि वे नोएडा, गाजियाबाद, हरियाणा और दिल्ली एनसीआर से कारें चुराते थे और फिर उन्हें इन दो व्यक्तियों को बेच देते थे। जब पुलिस ने उन्हें पकड़ा, तब वे शुभम और अमित को चोरी की कार की डिलीवरी देने जा रहे थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे चोरी की कारों की नंबर प्लेट हटा देते थे और उनकी जगह दूसरी नंबर प्लेट लगाते थे। यदि कार नई होती थी, तो वे उसकी प्लेट पर एएफ लिखकर उसे दूसरे जिलों में भेज देते थे।
















