Murder Mystery Solved in Kullu: अवैध संबंध के शक में जेई लाभ सिंह की हत्या का मामला सुलझा

कुल्लू के जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मात्र छह दि
कुल्लू के जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मात्र छह दिन में गुत्थी सुलझा दी है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक डॉक्टर दंपती भी शामिल है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हत्या का कारण प्रेम प्रसंग और अवैध संबंध का शक था। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि आरोपितों में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कार्यरत 32 वर्षीय डॉ. शांभवी ठाकुर, उनके पति 36 वर्षीय आयुर्वेद चिकित्सक करण ठाकुर, 66 वर्षीय ससुर विजय सिंह और 32 वर्षीय देवर दिनेश ठाकुर शामिल हैं।
जांच के अनुसार, डॉ. शांभवी ने सुनियोजित तरीके से 24 जुलाई की शाम को लाभ सिंह गुलेरिया को पानी की पाइपलाइन देखने के बहाने अपने घर बुलाया। इस दौरान चारों आरोपितों ने मिलकर जेई को बुरी तरह पीटा। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए उसे नाले के पास फेंक दिया गया, ताकि यह घटना एक दुर्घटना के रूप में प्रस्तुत की जा सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एएसपी संजीव चौहान के नेतृत्व में गठित नौ सदस्यीय एसआईटी ने मोबाइल कॉल डिटेल, घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और घरेलू सहायिका के बयान सहित कई महत्वपूर्ण तथ्यों को जोड़कर इस जघन्य अपराध का खुलासा किया।















