Murder of Youth in Chakia: चकिया में युवक की हत्या, धारदार हथियार से वार की आशंका

चकिया (पूर्वी चंपारण) से एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। शनिवार सुबह मनी छपरा वार्ड संख्या-1 में सड़क किनारे एक
चकिया (पूर्वी चंपारण) से एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। शनिवार सुबह मनी छपरा वार्ड संख्या-1 में सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मृतक की पहचान 30 वर्षीय राजेश चौधरी के रूप में हुई है, जो मनी छपरा का निवासी था। शव मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर धारदार हथियार से गंभीर वार के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की और डॉग स्क्वायड बुलाने की अपील की। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को घटनास्थल पर बुलाया। दोनों टीमें घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और हत्या के कारण का पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और आरोपितों की पहचान के लिए तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
















