Panchayat Secretary Arrested: नरकटियागंज में नल-जल योजना के भुगतान के लिए 15 हजार रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार

बेतिया (पश्चिम चंपारण) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरकटियागंज की मलदहिया पंचायत में नल-जल योजना के भुगतान के लिए रिश्वत मांगने के आरोप में पंचायत सचिव शंकर प्
बेतिया (पश्चिम चंपारण) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरकटियागंज की मलदहिया पंचायत में नल-जल योजना के भुगतान के लिए रिश्वत मांगने के आरोप में पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को निगरानी विभाग ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार सुबह एक सहयोग शिविर के दौरान की गई, जहां पंचायत सचिव 15 हजार रुपये की पहली किस्त ले रहे थे। जानकारी के मुताबिक, पंचायत सचिव ने नल-जल योजना के मेंटेनेंस कार्य कराने वाले संवेदक परवेज कौशर से 28 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि रिश्वत नहीं मिलने पर उन्होंने जानबूझकर भुगतान की प्रक्रिया को लंबित रखा। इस स्थिति से परेशान होकर संवेदक ने 27 जुलाई को निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद विभाग ने कार्रवाई की योजना बनाई।
बुधवार को मलदहिया मदरसा परिसर में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान पंचायत सचिव शंकर प्रसाद 15 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगेहाथ पकड़े गए। निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद, निगरानी विभाग की एक टीम ने हरदिया चौक स्थित पंचायत सचिव के निजी आवास पर भी छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। इस अचानक हुई कार्रवाई के कारण प्रखंड क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पंचायत प्रतिनिधियों और सरकारी कर्मियों में अफरातफरी का माहौल देखा गया।
















