Tension in Malihabad: लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के कसमंडी कला गांव में माहौल में तनावपूर्ण

लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के कसमंडी कला गांव में सावन माह के पहले सोमवार को तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब 'लाखन आर्मी' के सदस्य प्राचीन स्थल पर जलाभिषेक करन
लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के कसमंडी कला गांव में सावन माह के पहले सोमवार को तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब 'लाखन आर्मी' के सदस्य प्राचीन स्थल पर जलाभिषेक करने पहुंचे। इस दौरान, किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने गांव में मंदिर से कुछ दूरी पर बैरिकेडिंग कर दी और सभी को रोक दिया। सुरक्षा के मद्देनजर कई थानों की पुलिस और भारी बल तैनात किया गया है। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि शांति-व्यवस्था को बनाए रखा जा सके।
कसमंडी कला स्थित इस प्राचीन परिसर को लेकर पिछले कुछ महीनों से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। एक पक्ष इसे प्राचीन शिव मंदिर मानता है, जबकि दूसरा पक्ष इसे मस्जिद बताता है। इसी विवाद के बीच लाखन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी अपने समर्थकों के साथ जलाभिषेक करने और 108 गांवों की पवित्र मिट्टी अर्पित करने के लिए पहुंचे थे। सूरज पासी ने कहा कि यह कार्यक्रम समाज की गहरी आस्था और सांस्कृतिक विरासत की पुनर्स्थापना से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि जलाभिषेक के साथ-साथ गंगाजल से मंदिर और किले का शुद्धिकरण किया जाएगा।
सूरज पासी ने इस संबंध में जिलाधिकारी से अनुमति मांगी थी और उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के विधायकों से समर्थन की अपील की है। उनका कहना है कि यदि राजनीतिक दलों का सहयोग नहीं मिला, तो संगठन गांव-गांव जाकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगा। फिलहाल, विवादित स्थल पर किसी भी बाहरी या संदिग्ध व्यक्ति को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और हर आने-जाने वाले पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
















