UP Weather Update: लखनऊ सहित प्रदेशभर में मानसून की गतिविधियों में कमी

जागरण संवाददाता, लखनऊ। पिछले 10 दिनों से उत्तर प्रदेश में रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद बुधवार को लखनऊ समेत कई जिलों में सुबह बादल छाए रहे। हालांकि, दोपहर में
जागरण संवाददाता, लखनऊ। पिछले 10 दिनों से उत्तर प्रदेश में रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद बुधवार को लखनऊ समेत कई जिलों में सुबह बादल छाए रहे। हालांकि, दोपहर में धूप निकलने से उमस बढ़ गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, मानसूनी बारिश का दायरा चार से पांच दिनों के लिए एक बार फिर सिमटने की संभावना है। गुरुवार से तीन अगस्त तक बादलों की आवाजाही के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। राजधानी लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार से शनिवार तक पुरवाई की रफ्तार 30 किमी प्रतिघंटा रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान सहारनपुर और बिजनौर समेत तराई के जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। दक्षिणी जिलों, मध्य प्रदेश से सटे इलाकों और कुछ अन्य क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं छिटपुट बरसात हो सकती है। फिलहाल, अगले चार दिनों तक किसी भी जिले में बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन-चार दिन में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, लेकिन बारिश न होने और बीच-बीच में धूप निकलने से उमस बढ़ने की संभावना है।
















