Weather Alert in Uttarakhand: देहरादून समेत 7 जिलों में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट'

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के सा
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पिछले दो दिनों से प्रदेश में भारी वर्षा का सिलसिला थम गया था, लेकिन अब फिर से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर आंशिक बादल छाए रहे, जबकि पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज बौछारें भी देखने को मिलीं। देहरादून में धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौनी का खेल चलता रहा, और हाथीबड़कला क्षेत्र में तेज बौछारें पड़ीं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा, पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की भी चेतावनी दी गई है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी गर्जन और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
















