Viral Video of Anganwadi: बच्चों को नमक-पूरी परोसी गई, जांच के आदेश

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के ग्राम ककरा स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो म
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के ग्राम ककरा स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बच्चों को पोषण आहार के नाम पर नमक के साथ पूरी परोसे जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में कुछ बच्चे यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि उन्होंने नमक के साथ पूरी खाई। इस वीडियो के वायरल होने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस दावे को खारिज करते हुए इसे अधूरा और भ्रामक बताया है। विभाग ने मामले की जांच के आदेश भी दे दिए हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र बांगड़े के अनुसार, वायरल वीडियो लगभग तीन महीने पुराना है। प्रारंभिक जांच में रसोईए ने बताया है कि यह वीडियो उस समय का है, जब बच्चों को सब्जी परोसने की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई थी। बांगड़े का कहना है कि अधूरा वीडियो वायरल कर पूरे घटनाक्रम को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। हालांकि, कुछ बच्चों का कहना है कि उन्होंने नमक के साथ पूरी खाई, जिससे आंगनबाड़ी में पोषण आहार की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
परियोजना अधिकारी अखिलेश दीपंकर ने बताया कि 26 जुलाई को हुई एक मारपीट की घटना के दौरान शिवम स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष राधाबाई बीच-बचाव करने पहुंची थीं। उसी दौरान उनकी बेटी ने फोटो और वीडियो बनाए थे। विभाग का दावा है कि बाद में पुलिस तक मामला न पहुंचे, इसके लिए दबाव बनाने की मंशा से यह पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने मामले की प्रारंभिक जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंप दी है। डीपीओ ने बताया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















