Weather Update: यूपी में मानसून ने बदली चाल, 30 जुलाई को भारी बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश में मानसून का प्रभाव लगातार बना हुआ है, जिसके चलते 30 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएम
उत्तर प्रदेश में मानसून का प्रभाव लगातार बना हुआ है, जिसके चलते 30 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के लखनऊ केंद्र द्वारा जारी किए गए अपडेट के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि 30 जुलाई की सुबह 8:30 बजे से 31 जुलाई की सुबह 8:30 बजे तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
आईएमडी के प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ और बिजनौर सहित आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां पूर्वी हिस्से की तुलना में अधिक प्रभावी रहने की संभावना है। इस दौरान, पश्चिमी यूपी के कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी पर बने गहरे दबाव और मानसूनी ट्रफ की सक्रियता के कारण उत्तर प्रदेश में मानसून मजबूत बना हुआ है।
















