Crime Branch Units Opened: गुरुग्राम में खुलीं 3 नई क्राइम ब्रांच यूनिट

गुरुग्राम पुलिस ने शहर में अपराधों पर नियंत्रण और गंभीर मामलों की जांच को तेज करने के लिए तीन नई क्राइम ब्रांच यूनिटों का गठन किया है। ये यूनिटें सेक्टर-65, बिल
गुरुग्राम पुलिस ने शहर में अपराधों पर नियंत्रण और गंभीर मामलों की जांच को तेज करने के लिए तीन नई क्राइम ब्रांच यूनिटों का गठन किया है। ये यूनिटें सेक्टर-65, बिलासपुर और द्वारका बार्डर के क्षेत्रों में स्थापित की गई हैं, जिससे जिले में कुल क्राइम यूनिटों की संख्या 14 हो गई है। इससे पहले गुरुग्राम में 11 क्राइम यूनिट कार्यरत थीं। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर गठित की गई इन नई यूनिटों का मुख्य उद्देश्य पुलिस का रिस्पांस टाइम कम करना, गंभीर मामलों में तेजी लाना और इलाके में मुखबिर नेटवर्क को मजबूत करना है। इन क्षेत्रों में लूट, वाहन चोरी, हत्या और अन्य गंभीर वारदातें लगातार हो रही थीं, जिससे इन यूनिटों की आवश्यकता महसूस की गई। नई यूनिटों के गठन से पहले से कार्यरत 11 यूनिटों का भार भी कम होगा, जिससे वे अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकेंगी।
नई सेक्टर-65 क्राइम ब्रांच सोहना रोड, गोल्फ कोर्स रोड और उसके आसपास के हाईप्रोफाइल इलाकों की जिम्मेदारी संभालेगी। इस क्षेत्र में कई कारपोरेट ऑफिस, लग्जरी सोसाइटी और शॉपिंग मॉल स्थित हैं, जहां चेन स्नेचिंग, कार चोरी, गोलीबारी और फ्रॉड के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। नई यूनिट के गठन से इन मामलों की त्वरित जांच और आरोपितों की धरपकड़ में मदद मिलेगी। इसके अलावा, बिलासपुर में खुली क्राइम ब्रांच पचगांव और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करेगी, जहां फैक्ट्रियों और वेयरहाउस में चोरी, लूट और कर्मचारियों से जुड़े अपराधों की शिकायतें आती रहती हैं। हाईवे से जुड़े होने के कारण यहां वाहन संबंधी अपराध भी होते हैं। नई यूनिट इंडस्ट्रियल एरिया में गश्त बढ़ाएगी और फैक्ट्री प्रबंधन के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगी।











