High-tech security for Kanwar Yatra: हापुड़ में कांवड़ यात्रा की हाई-टेक सुरक्षा,158 IP कैमरों से निगरानी करेंगे अफसर;1500 डिजिटल वालंटियर तैनात

हापुड़ में इस बार कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को हाई-टेक बनाने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश शासन ने इस बार कांवड़ यात्रा की निगरानी के लिए 158 इंटरनेट प्
हापुड़ में इस बार कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को हाई-टेक बनाने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश शासन ने इस बार कांवड़ यात्रा की निगरानी के लिए 158 इंटरनेट प्रोटोकॉल (आईपी) कैमरे लगाने का फैसला किया है, जिनकी लाइव फीड सीधे शासन, जोन और रेंज स्तर के अधिकारियों तक पहुंचेगी। इस कदम का उद्देश्य सुरक्षा एजेंसियों से मिले अलर्ट और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए यात्रा की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखना है। अधिकारी अपने मोबाइल फोन या कंट्रोल रूम से किसी भी समय इन कैमरों के जरिए निगरानी कर सकेंगे। इस बार कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि की संभावना है, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को और भी मजबूत किया जा रहा है। जिलेभर में करीब 800 कैमरों का नेटवर्क तैयार किया गया है, जिससे यात्रा मार्गों पर पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ तकनीक आधारित निगरानी को प्राथमिकता दी जा सके। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए यह व्यवस्था महत्वपूर्ण साबित होगी।
सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस लगातार कांवड़ मार्गों, शिविरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सर्च अभियान चला रही है। इस बार सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा, जिससे हर गतिविधि पर रीयल टाइम नजर रखी जा सके। इंटरनेट मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। थाना स्तर पर डिजिटल वालंटियर फोर्स का गठन किया गया है, जिसमें करीब 1500 डिजिटल वालंटियर शामिल हैं। ये वालंटियर दो हजार से अधिक वाट्सएप ग्रुप, फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर नजर रखेंगे। किसी भी भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री की सूचना तत्काल संबंधित थाना और कंट्रोल रूम तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए पुलिस ने अलग मानिटरिंग सेल भी गठित किया है, जो चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा।









