Research Projects Approved: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की डॉ. अंशु शर्मा को एआईसीटीई से मिले 60 लाख रुपये के अनुदान

महेंद्रगढ़ स्थित हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) ने अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के अनुप्रयुक्त वि
महेंद्रगढ़ स्थित हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) ने अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के अनुप्रयुक्त विज्ञान एवं मानविकी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. अंशु शर्मा को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) द्वारा दो महत्वपूर्ण शोध परियोजनाओं के लिए स्वीकृति मिली है। इन परियोजनाओं के लिए उन्हें कुल 60 लाख रुपये का अनुसंधान अनुदान प्राप्त हुआ है। यह अनुदान विश्वविद्यालय की बढ़ती शोध क्षमता और नवाचार संस्कृति का प्रमाण है। डॉ. शर्मा को प्रधान अन्वेषक के रूप में 33 लाख रुपये की परियोजना 'एमओएफ एट सीक्यूडी इलेक्ट्रोड सामग्री आधारित सुपरकैपेसिटर उपकरणों का डिजाइन और विकास' के लिए स्वीकृति मिली है। इस परियोजना का उद्देश्य मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स और कार्बन क्वांटम डॉट्स आधारित उन्नत इलेक्ट्रोड पदार्थ विकसित करना है, जिससे अगली पीढ़ी के उच्च दक्षता वाले सुपरकैपेसिटर उपकरण तैयार किए जा सकें। यह अनुसंधान इलेक्ट्रिक वाहनों, पोर्टेबल इलेक्ट्रॉनिक्स और नवीकरणीय ऊर्जा प्रणालियों के लिए अत्याधुनिक ऊर्जा भंडारण तकनीकों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने डॉ. अंशु शर्मा को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि एआईसीटीई जैसी प्रतिष्ठित संस्था से दो प्रतिस्पर्धी शोध परियोजनाओं का स्वीकृत होना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के मजबूत अनुसंधान पारितंत्र और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप नवाचार को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसके अलावा, डॉ. शर्मा को सह-प्रधान अन्वेषक के रूप में 27 लाख रुपये की दूसरी परियोजना 'स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास की दिशा में ग्राफिटिक कार्बन नाइट्राइड आधारित नैनोमैटेरियल्स के पर्यावरणीय अनुप्रयोग' के लिए भी स्वीकृति मिली है। यह परियोजना पर्यावरणीय सुधार और सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण है।









