Route Plan for Kanwar Yatra: हापुड़ में कांवड़ यात्रा के लिए रूट योजना तैयार

हापुड़ में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर की व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु रखने के लिए रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस
हापुड़ में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर की व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु रखने के लिए रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पुलिस, व्यापारी संगठनों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता सीओ सिटी अनीता चौहान ने की। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात को सुगम बनाने के लिए तैयार की गई रूट डायवर्जन योजना की जानकारी साझा की। इस बार भारी वाहनों को छिजारसी टोल प्लाजा की बजाय गंगा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। इससे कांवड़ मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं को यात्रा में आसानी होगी।
संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने प्रशासन से अनुरोध किया कि ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं, जिससे कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और शहर का व्यापार भी सामान्य रूप से चलता रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कांवड़ियों की संख्या और यातायात की स्थिति के अनुसार निजामपुर बाईपास से वाहनों के संचालन की व्यवस्था समय-समय पर की जाएगी। महामंत्री संजय अग्रवाल ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों के निर्बाध संचालन की मांग उठाई, जिस पर पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के लिए अलग से समुचित व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पुलिस अधिकारियों, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और व्यापारी प्रतिनिधियों का एक संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इस ग्रुप के माध्यम से यातायात डायवर्जन, मार्ग परिवर्तन और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं को तुरंत साझा किया जाएगा, जिससे किसी भी स्थिति में त्वरित निर्णय लेने में आसानी हो सके। बैठक में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अमित गुप्ता, समरजीत सिंह, संजय सोढ़ी तथा व्यापारी दीपक बंसल, संजय डाबर, संजीव जैन, आयुष शर्मा, अमित गोयल, प्रभात अग्रवाल, विवेक गर्ग समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।









