Special Trains for Shravan Mela: श्रावणी मेला 2026 में देवघर-सुल्तानगंज जाना हुआ आसान, बरौनी-बेगूसराय होकर चलेंगी 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

संवाद सूत्र, बरौनी (बेगूसराय)। श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए भारतीय रेलवे ने चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया
संवाद सूत्र, बरौनी (बेगूसराय)। श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए भारतीय रेलवे ने चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों का संचालन बरौनी और बेगूसराय स्टेशन से होगा, जिससे जिले के श्रद्धालुओं को देवघर और सुल्तानगंज जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। यह कदम श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए उठाया गया है, ताकि वे आसानी से अपने धार्मिक स्थलों तक पहुंच सकें।
05597/05598 जयनगर-आसनसोल-जयनगर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन 31 जुलाई से 31 अगस्त तक सप्ताह में तीन दिन किया जाएगा। यह ट्रेन जयनगर से प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को रात नौ बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 7:42 बजे जसीडीह होते हुए 11:30 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वापसी में, 05598 ट्रेन प्रत्येक बुधवार, शनिवार और सोमवार को आसनसोल से सुबह 11 बजे खुलकर अगले दिन सुबह छह बजे जयनगर पहुंचेगी। यह ट्रेन मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, किउल, झाझा और जसीडीह के रास्ते चलेगी।
इसके अलावा, 05545/05546 रक्सौल-देवघर-रक्सौल श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन 31 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन रक्सौल से रात 12:30 बजे खुलकर उसी दिन शाम 5:05 बजे देवघर पहुंचेगी। वापसी में, शाम 6:05 बजे देवघर से खुलकर अगले दिन सुबह 11:40 बजे रक्सौल पहुंचेगी। यह ट्रेन सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किउल, जमालपुर और भागलपुर के रास्ते संचालित होगी। 05028/05027 बढ़नी-देवघर-बढ़नी श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 28 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रतिदिन होगा। बढ़नी से चलने वाली ट्रेन अगले दिन सुबह 3:35 बजे बरौनी, 4:03 बजे बेगूसराय, 6:55 बजे मुंगेर तथा 8:20 बजे सुल्तानगंज पहुंचते हुए दोपहर एक बजे देवघर पहुंचेगी।
इसके अतिरिक्त, 03527/03528 आसनसोल-गोरखपुर-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन 29 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन जसीडीह, झाझा, किउल, बरौनी, हाजीपुर और छपरा के रास्ते संचालित होगी। रेलवे के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से श्रावणी मेला के दौरान देवघर, सुल्तानगंज और आसपास के धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ से राहत मिलेगी तथा नियमित ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा।









