Unique Wedding in Jail: रेप के आरोपी ने उसी युवती से की शादी, जिसने दर्ज कराई थी शिकायत

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से एक अनोखा मामला सामने आया है जिसने कानून और सामाजिक रिश्तों को लेकर नई चर्चा को जन्म दिया है। जगदलपुर केंद्रीय जेल में पहली बार विवाह
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से एक अनोखा मामला सामने आया है जिसने कानून और सामाजिक रिश्तों को लेकर नई चर्चा को जन्म दिया है। जगदलपुर केंद्रीय जेल में पहली बार विवाह मंडप सजाया गया, जहां एक आरोपी ने उसी युवती के साथ शादी की, जिसने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। यह विवाह अदालत की अनुमति और जेल प्रशासन की निगरानी में संपन्न हुआ। यह घटना पूरे प्रदेश और देश में चर्चा का विषय बन गई है।
यह मामला बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र के राजूर गांव का है। सुरेश सेठिया और युवती, जिनकी पहचान गोपनीय रखी गई है, जगदलपुर के एक पेट्रोल पंप पर साथ काम करते थे। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप था कि सुरेश ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सुरेश को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
करीब सात महीने तक जेल में रहने के दौरान भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। युवती लगातार सुरेश से मिलने आती रही और दोनों ने पुराने विवाद को भुलाकर एक साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने अदालत में विवाह की अनुमति मांगी। अदालत ने दोनों की बालिग होने और स्वतंत्र इच्छा से विवाह करने की सहमति को देखते हुए विवाह की अनुमति दे दी। न्यायालय के आदेश के बाद जेल के भीतर विवाह मंडप सजाया गया और हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न हुआ। इस विवाह का एक भावुक क्षण तब आया जब जेल में पदस्थ एक आरक्षक ने कन्यादान की रस्म निभाई। इस अनोखी शादी ने यह साबित कर दिया कि व्यक्तिगत निर्णय और वैवाहिक संबंध अपनी अलग कानूनी प्रक्रिया के तहत स्थापित हो सकते हैं।









