Border Security Alert: भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ा खतरा, रोहिंग्या घुसपैठ और मादक पदार्थों की तस्करी

नेपाल में हाल के दिनों में सांप्रदायिक तनाव के बीच भारत-नेपाल सीमा को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। नेपाल पुलिस के महानिरीक्षक (आईजीपी) दानबहादुर क
नेपाल में हाल के दिनों में सांप्रदायिक तनाव के बीच भारत-नेपाल सीमा को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। नेपाल पुलिस के महानिरीक्षक (आईजीपी) दानबहादुर कार्की ने चेतावनी दी है कि रोहिंग्या शरणार्थियों की अवैध घुसपैठ, अंतरराष्ट्रीय अपराधियों की सक्रियता और मादक पदार्थों की तस्करी सीमावर्ती इलाकों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां इन मामलों पर कड़ी नजर रख रही हैं और सभी संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर रही हैं। आईजीपी ने कहा कि हाल के समय में भारत के रास्ते कुछ रोहिंग्या शरणार्थी नेपाल में प्रवेश कर रहे हैं और विभिन्न स्थानों पर समूह बनाकर रहने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर संबंधित निकायों को सौंप रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह मामला सीमा सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील है।
आईजीपी दानबहादुर कार्की ने यह भी बताया कि पाकिस्तान और सोमालिया के कुछ नागरिक नेपाल में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल पाए गए हैं। ऐसे मामलों में कई गिरफ्तारियां भी हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की सुरक्षा से जुड़े हर संदिग्ध व्यक्ति और गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संघीयता सुदृढ़ीकरण एवं राष्ट्रीय सरोकार समिति की बैठक में आईजीपी ने कहा कि खुली भारत-नेपाल सीमा के कारण हथियारों की तस्करी, मादक पदार्थों का कारोबार, मानव तस्करी और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध पर नियंत्रण मुश्किल हो रहा है। चोरी जैसे मामलों में सीमा पार कानूनी अधिकार क्षेत्र की कमी भी जांच में बाधा बन रही है।
















