Fraud Gang Busted in Delhi: नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

नई दिल्ली में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों को ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। मध्य जिले की साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड समेत सा
नई दिल्ली में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों को ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। मध्य जिले की साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक फर्जी प्लेसमेंट एजेंसी 'नेक्स्ट स्टेप एडवाइजर्स' के नाम से बिना किसी रजिस्ट्रेशन के काम किया था। पुलिस को एनसीआरपी पोर्टल पर इनसे संबंधित पांच शिकायतें मिली हैं, जो इस गिरोह की गतिविधियों की गंभीरता को दर्शाती हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन, फर्जी प्लेसमेंट एजेंसी के रजिस्ट्रेशन फार्म और पेमेंट रिकार्ड भी बरामद किए हैं। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मध्य जिले के उपायुक्त रोहित राजबीर के अनुसार, करोल बाग के बापा नगर में रहने वाले एक युवक ने शिकायत की थी कि उसने ऑनलाइन नौकरी के लिए आवेदन किया था। इसके बाद 24 जुलाई को उसे एक व्यक्ति का वाट्सऐप मैसेज मिला, जिसने खुद को एचआर बताया। 25 जुलाई को उसे उत्तम नगर स्थित कार्यालय में इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। वहां उसे रजिस्ट्रेशन फीस और अकाउंट ओपनिंग चार्ज के नाम पर 4,800 रुपये ऑनलाइन जमा कराने के लिए कहा गया। उसे भरोसा दिलाया गया कि नौकरी मिलने के बाद उसकी पूरी रकम वापस कर दी जाएगी, लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही पैसे लौटाए गए। इसके बाद संबंधित मोबाइल नंबर भी बंद हो गए, जिससे युवक को ठगी का एहसास हुआ।
















