Gorakhpur Case Update: गोरखपुर बालिका हत्याकांड में छह दिन में चार्जशीट

गोरखपुर के कोतवाली क्षेत्र में 10 वर्षीय बालिका के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज छह दिन में आरोपपत्र दाखिल कर दिय
गोरखपुर के कोतवाली क्षेत्र में 10 वर्षीय बालिका के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज छह दिन में आरोपपत्र दाखिल कर दिया है। इस मामले में बर्खास्त सिपाही अभिषेक यादव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके द्वारा हत्या में प्रयुक्त बांका (धारदार हथियार) भी बरामद किया। मंगलवार को 10 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान अभिषेक यादव को जिला कारागार से लेकर पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कराया। इस दौरान पुलिस ने उस स्थान पर पहुंचकर सीन रीक्रिएट किया जहां बच्ची का शव मिला था। पुलिस का कहना है कि अब उनका अगला लक्ष्य फास्ट ट्रैक कोर्ट में त्वरित सुनवाई कराना है ताकि आरोपित को कठोरतम सजा दिलाई जा सके।
पुलिस ने बताया कि अभिषेक यादव को सुबह छह बजे कड़ी सुरक्षा के बीच कस्टडी रिमांड पर लिया गया। विवेचक उसे पहले जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाया था। इसके बाद पुलिस ने चिउटहा पुल के पास स्थित श्मशान घाट और फिर उस स्थान पर पहुंचकर सीन रीक्रिएट किया जहां बच्ची का शव मिला था। पूछताछ के दौरान आरोपित की निशानदेही पर झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद किया गया। पुलिस ने इसे महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य मानते हुए फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
















