Digital Control Center in Ranchi: अब और सुरक्षित होगी आपकी ट्रेन यात्रा, रांची रेल मंडल में बनेगा डिजिटल कंट्रोल सेंटर

रांची रेल मंडल यात्रियों की सुरक्षा और समयबद्धता को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित और स्मार्ट बनाने की दिशा में क
रांची रेल मंडल यात्रियों की सुरक्षा और समयबद्धता को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित और स्मार्ट बनाने की दिशा में कदम उठा रहा है। इसी क्रम में, मंडल में एक अत्याधुनिक ऑपरेशन एंड ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर (यूनिफाइड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर - UCCC) की स्थापना की जाएगी। यह केंद्र विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए ट्रेनों की सतत निगरानी, त्वरित निर्णय लेने, संसाधनों के कुशल प्रबंधन और आपातकालीन स्थितियों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। इस केंद्र का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
यूनिफाइड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (UCCC) में आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी प्रणालियों का समन्वित उपयोग किया जाएगा, जिसमें COA, FOIS, ICMS, Data Logger, SCADA और TMS शामिल हैं। बड़ी वीडियो वॉल और डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से ट्रेनों की गति, समयपालन, सिग्नलिंग, विद्युत आपूर्ति और अन्य परिचालन संबंधी सूचनाओं की निरंतर निगरानी की जाएगी। इससे किसी भी तकनीकी बाधा या परिचालन संबंधी समस्या की जानकारी तुरंत उपलब्ध होगी, जिससे समयबद्ध निर्णय लेकर कार्रवाई की जा सकेगी। यह केंद्र रेल संचालन की सुरक्षा, दक्षता और विश्वसनीयता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
UCCC में परिचालन से जुड़े विभिन्न विभाग एक ही परिसर से कार्य करेंगे, जिससे त्वरित सूचना आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय सुनिश्चित होगा। यह केंद्र आपातकालीन परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्यों के लिए केंद्रीय कमांड सेंटर के रूप में भी कार्य करेगा। इससे सभी संबंधित विभागों के बीच त्वरित समन्वय स्थापित कर राहत कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जा सकेंगे। यात्रियों को ट्रेनों के विलंब, मार्ग परिवर्तन और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाएंगी। इस प्रकार, रांची रेल मंडल में UCCC की स्थापना स्मार्ट और तकनीक-संचालित रेल संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी, जो न केवल रेल परिचालन को सुरक्षित और कुशल बनाएगी, बल्कि यात्रियों को विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं भी प्रदान करेगी।
















